![]()
जौनपुर में टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीएफआई) के तत्वावधान में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने देश के लाखों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। संगठन के सदस्यों ने शनिवार की दोपहर 12 बजे सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सर्वोच्च न्यायालय के 1 सितंबर 2025 के निर्णय का हवाला दिया गया है, जिसके अनुसार सभी शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) अनिवार्य कर दी गई है। इस निर्णय के कारण दशकों से सेवा दे रहे देश और प्रदेश के लाखों अनुभवी शिक्षकों के सामने अचानक सेवा-समाप्ति और जीविकोपार्जन का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अरविंद शुक्ल के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद प्रिया सरोज से मुलाकात की। उन्होंने सांसद को शिक्षकों की मांगों से अवगत कराते हुए कहा कि जिन शिक्षकों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष राष्ट्र निर्माण में लगाए हैं, उन्हें सेवा के इस पड़ाव पर पात्रता परीक्षा के नाम पर नौकरी से बेदखल करना अमानवीय और अन्यायपूर्ण है। संगठन ने केंद्र सरकार से इस संवेदनशील विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने मांग की है कि संसद के माध्यम से आवश्यक वैधानिक संशोधन किया जाए या अध्यादेश लाकर सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से पूर्णतः मुक्त रखा जाए। शिक्षकों के वर्षों के शैक्षणिक अनुभव को ही उनकी पात्रता का अंतिम आधार माना जाना चाहिए, ताकि उनके मान-सम्मान और सेवा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त, संगठन ने इस कानूनी असमंजस की आड़ में शिक्षकों के हो रहे उत्पीड़न और नियम-विरुद्ध समायोजन जैसी दमनकारी कार्यवाहियों पर तत्काल रोक लगाने की भी पुरजोर वकालत की। ये लोग मौके पर रहे मौजूद सांसद प्रिया सरोज ने शिक्षकों की इस न्यायसंगत मांग को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह शिक्षकों की आवाज को संसद के पटल पर रखेंगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहेंगी। इस अवसर पर जिला मंत्री रवि चंद्र यादव, लालसाहब यादव, रामदुलार, लक्ष्मीकांत सिंह, शिवेंद्र सिंह रानू,प्रशांत मिश्र, विष्णु तिवारी, राकेश पाण्डेय,विक्रम प्रकाश यादव, सुधीर कुमार सिंह, दिवाकर दुबे, पवन सिंह, सूरज मौर्य, धर्मेंद्र यादव, अनिल कुमार, इमरान,घनश्याम मौर्य, वेदप्रकाश सिंह सहित सैकड़ों शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित रहे ।
Source link
शिक्षकों ने सांसद प्रिया सरोज से की मुलाकात:सेवारत शिक्षकों को TET अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग
