![]()
कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत सरभोका स्थित आश्रम शाला के एक शिक्षक का कथित तौर पर शराब के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि आश्रम शाला में पदस्थ शिक्षक राजेश कुमार बंजारे शराब के नशे में थे। वायरल वीडियो में शिक्षक एक बाइक के पास लड़खड़ाते हुए खड़े नजर आ रहे हैं और बातचीत कर रहे हैं। वीडियो में शिक्षक आरोपों का स्पष्ट खंडन करते नहीं दिखते। बातचीत के दौरान वे “सुन ना” और “मैं एक काम करो तुम” जैसी बातें कहते सुनाई देते हैं। इसके बाद वे बाइक स्टार्ट कर वहां से चले जाते हैं। ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक के इस व्यवहार से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और स्कूल की व्यवस्था बिगड़ गई है। उनका आरोप है कि विद्यालय में निगरानी का अभाव है और अधिकारी केवल औपचारिकता पूरी कर लौट जाते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे माहौल में बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। पहले भी हो चुकी है शिकायत ग्रामीणों के मुताबिक, शिक्षक की शिकायत पहले भी की गई थी। शिकायत के बाद अधिकारी स्कूल पहुंचे थे और उस दौरान शिक्षक द्वारा माफी मांगने की बात भी सामने आई थी। जांच और कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो। अधिकारियों का पक्ष इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने फोन पर बताया कि वे दौरे पर हैं। यह वीडियो ग्रामीणों द्वारा बनाया गया है। शिक्षक पर लगे आरोपों की आधिकारिक पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
Source link
शिक्षक का शराब के नशे में VIDEO:कोरबा के सरभोका आश्रम शाला का मामला, ग्रामीणों ने जांच और कार्रवाई की मांग की
