Headlines

शिमला के रामपुर में NH पर लैंडस्लाइड:किन्नौर का राजधानी से संपर्क कटा, क्षेत्र में भारी बारिश; SDM की सतर्कता बरतने की एडवाइजरी




शिमला के रामपुर क्षेत्र में तेज बारिश के बाद डेड ज्यूरी के पास नेशनल हाईवे-5 (NH-5) पर लैंडस्लाइड हो गया। इसके चलते किन्नौर जिले का राजधानी शिमला से संपर्क पूरी तरह कट गया है। वहीं, रामपुर क्षेत्र में गानवी-ज्यूरी सड़क भी भूस्खलन के कारण बंद हो गई है, जिससे छह पंचायतों का संपर्क टूट गया है। NH-5 बंद होने से हाईवे पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं है। इससे सैकड़ों लोगों को आने-जाने परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को जाम में फंसे लोगों ने गाड़ी में बैठकर पूरी रात बिताई। ज्यूरी के पास पहाड़ी से लगातार पत्थर और मलबा गिरने के कारण सड़क बहाल करने का काम भी प्रभावित हो रहा है। NH विभाग के एक्सईएन केएल सुमन ने बताया कि मशीनरी मौके पर भेज दी गई थी और सड़क बहाली का काम जारी है। 15/20 क्षेत्र की 6 पंचायतों का संपर्क कटा वहीं, रामपुर क्षेत्र में गानवी-ज्यूरी सड़क बंद होने से 15/20 क्षेत्र की छह पंचायतों- कोअबील, गानवी, जगोरी, कुट, क्याओं और फाचा का ज्यूरी से संपर्क टूट गया है। इन पंचायतों के हजारों लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और दूध बेचने वाले किसानों को हो रही है। बता दें कि कि रामपुर क्षेत्र में रविवार रात भारी बारिश हुई। इससे कई नालों का जलस्तर बढ़ गया, जिससे सड़क पर पानी और मलबा जमा हो गया। कई स्थानों पर सड़क नाले का रूप ले चुकी है। ग्रामीणों को कीचड़ और दलदल के बीच पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। रोजमर्रा की जरूरत का सामान पहुंचाने और अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित हुए हैं। PWD से जल्द सड़क बहाली की मांग स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से दोनों सड़कों को जल्द से जल्द बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि मार्ग बंद रहने से आम लोगों के साथ-साथ छात्रों, मरीजों और किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। SDM ने की सतर्कता बरतने की अपील रामपुर के एसडीएम हर्ष अमरेंद्र सिंह ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि सड़क बहाल होने के बाद ही यात्रा करें। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लेकर ही घर से निकलें। साथ ही 15/20 क्षेत्र के लोगों से भी मौसम सामान्य होने तक केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *