![]()
जैसलमेर जिले के सांकड़ा थाना क्षेत्र के सनावड़ा गांव में स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में चोरों ने दानपात्र का ताला तोड़कर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। यह मंदिर पास ही स्थित सोलर कंपनी के पास है और लोगों की आस्था का बड़ा केंद्र है। रविवार देर रात घटना का पता चलते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि दानपात्र पिछले चार साल से नहीं खोला गया था, जिसमें करीब सवा लाख रुपये की नकदी जमा थी। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है। दानपात्र तोड़कर पूरी रकम ले भागे चोर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता महावीर सिंह भाटी ने बताया कि चोरों ने केवल दानपात्र को ही अपना निशाना बनाया। उन्होंने दानपात्र का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे श्रद्धालुओं के चढ़ावे के सारे पैसे निकालकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर लोग मंदिर पहुंचे, तो टूटा हुआ दानपात्र देखकर सन्न रह गए। देखते ही देखते खबर पूरे गांव में फैल गई और लोगों में गुस्सा भर गया। पुलिस ने शुरू की जांच, टीमें गठित सूचना मिलने पर सांकड़ा पुलिस देर रात ही मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। सांकड़ा थाना प्रभारी राण सिंह ने बताया कि मंदिर समिति की तरफ से लगभग सवा लाख रुपये चोरी होने की लिखित रिपोर्ट दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर तलाश शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। गांव के लोगों में गुस्सा, सुरक्षा की मांग धार्मिक स्थान पर हुई इस चोरी से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में बहुत नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर में इस तरह की घटना होना बहुत ही दुखद है। इससे श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुए पैसे बरामद किए जाएं। साथ ही क्षेत्र के अन्य मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की भी मांग रखी गई है। वीडियो कंटेंट- विक्रम दर्जी
Source link
शीतला माता मंदिर में सवा लाख की चोरी:4 साल से बंद पड़े दानपात्र को निशाना बनाया, ताला तोड़कर कैश ले गए चोर
