![]()
शेखपुरा के राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना था। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अतिथियों ने देखा और सुना। इस अवसर पर जिलाधिकारी शेखर आनंद, जिला विकास पदाधिकारी आर्य गौतम और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्रियंका कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान
अतिथियों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय के संकाय सदस्यों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं के साथ-साथ जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों से आए राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में, जिलाधिकारी शेखर आनंद के नेतृत्व में सभी उपस्थित छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेटों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शपथ ली। उन्होंने नशा मुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया। युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत
महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के नोडल पदाधिकारी प्रो. बिनय कुमार ने इस अवसर पर कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने जोर दिया कि नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक युवा स्वयं नशे से दूर रहे और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करे। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं और एनसीसी कैडेटों ने इस जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने और समाज में नशा मुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया।
Source link
शेखपुरा में PM मोदी का लाइव संबोधन:युवाओं को विकसित भारत से जोड़ने का संकल्प, नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
