![]()
रायपुर रेंज साइबर थाना ने शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर लोगों से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों का नाम गुजरात निवासी शुभम चौहान,साबले प्रेम विश्वास, महाराष्ट्र निवासी अनुज सेन, विक्की रांहगडाले को गिरफ्तार किया। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देश पर रेंज साइबर थाना की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की। जांच के दौरान ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया, जिसके बाद आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका। इन पीड़ितों के साथ आरोपियों ने की ठगी पहले मामले में बलौदाबाजार जिले के पलारी निवासी डागेश चंद्राकर से शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा दिलाने के नाम पर 69 लाख रुपए की ठगी की गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने गुजरात के सूरत से शुभम चौहान और साबले प्रेम विश्वास को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि दोनों आरोपी फर्जी कंपनियां और फर्जी सिम का इस्तेमाल कर लोगों से अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाते थे। इन खातों से जुड़े 20 से अधिक मामले विभिन्न राज्यों के थानों और साइबर सेल में दर्ज हैं। दूसरे मामले में भाटापारा निवासी मुकेश विश्वकर्मा से 12 लाख रुपए की ठगी की गई थी। इस मामले में कटनी निवासी अनुज सेन को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर अपने साथियों के साथ साइबर ठगी को अंजाम देता था। वहीं, तीसरे मामले में मंदिर हसौद निवासी वेदप्रकाश बघेल से 34 लाख रुपए की ठगी की गई थी। जांच के दौरान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी विक्की राहंगडाले को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वहीं, गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
शेयर-ट्रेडिंग के नाम पर 1.15 करोड़ ठगने वाले गिरफ्तार:गुजरात-महाराष्ट्र और एमपी से 4 आरोपी हिरासत में, बैंक खाते–मोबाइल नंबरों से पुलिस ने पकड़ा
