Headlines

श्रीगंगानगर में 'भगवान दिखेगा' कहकर बुजुर्ग महिला से लूट:रास्ता रोककर कानों में पहने सोने के टॉप्स लूटे, मंदिर से घर जा रही थी




श्रीगंगानगर की इंद्रा कॉलोनी में एक बुजुर्ग महिला को घर में नुकसान होने की बात से डराकर सोने के जेवरात लूटने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने मंदिर से घर जा रही महिला को रास्ता रोककर इतना भय दिखाया कि महिला ने कानों में पहने टॉप्स उतारकर दे दिए। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, इंद्रा कॉलोनी की गली नंबर 2 निवासी संता देवी (60) ने रिपोर्ट में बताया कि 30 जुलाई को शाम साढ़े सात बजे वह दुर्गा मंदिर में धोक लगाकर वापस आ रही थीं। तभी एक बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। युवकों ने उनके माथे और हाथ की लकीरें देखकर कहा कि उन पर देवता का दोष है, जिसकी वजह से घर में नुकसान होने वाला है। उन्होंने महिला पर पानी भी छिड़क दिया और कानों में पहने सोने के कांटे मांग लिए। इसी दौरान स्कूटी लेकर एक और युवक वहां पहुंचा और बोला कि ये युवक सही कह रहे हैं। टॉप्स उतारकर दे दो, आपको भगवान दिखेगा। भयभीत महिला ने कानों में पहने टॉप्स उतारकर युवकों को दे दिए। इसके बाद तीनों युवक वहां से भाग गए। संता देवी ने बताया कि घटना के बाद दो दिन तक वह डिप्रेशन में रहीं। इसके बाद बेटे के कहने पर थाने पहुंचीं और युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *