Headlines

संत के मंत्र की वजह सांप से डंसना छोड़ दिया:प्रेरक कथा: अच्छे बनने के नाम पर गलत व्यवहार सहना सही नहीं है, विनम्र रहते हुए असहमति जताना सीखिए




पुरानी लोक कथा है, एक गांव के बाहर एक सांप रहता था। वह रास्ते से गुजरने वाले लोगों को वह डंस लेता था। धीरे-धीरे उसका इतना आतंक फैल गया कि लोगों ने उस रास्ते से गुजरना लगभग बंद कर दिया। एक दिन गांव में एक विद्वान संत आए और वहां ठहर गए। कुछ दिन बाद उन्हें दूसरे गांव जाना था और उनका रास्ता उसी स्थान से होकर गुजरता था, जहां सांप रहता था। गांव वालों ने उन्हें सावधान किया, लेकिन संत ने कहा कि मुझे एक मंत्र मालूम है, जिससे सांप नहीं डंसेगा, इतना बोलने के बाद संत निडर होकर आगे बढ़ गए। उस रास्ते पर पहुंचते ही सांप फुफकारता हुआ उनके सामने आ गया। उसने संत को डंसने की कोशिश की। संत ने एक मंत्र का जप किया। सांप शांत होकर उनके चरणों में आ गया। संत ने उसे समझाया, “अब किसी को मत डंसना। हिंसा छोड़कर भक्ति और अच्छे कर्मों का मार्ग अपनाओ।” इस घटना के बाद सांप ने लोगों को डराना और डंसना बंद कर दिया, कुछ समय बाद गांव वालों को समझ आ गया कि सांप अब किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता है। अब वे उसे कमजोर समझकर परेशान करने लगे। कोई उस पर पत्थर फेंकता, कोई उसे छेड़ता और एक दिन एक व्यक्ति ने उसकी पूंछ पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया। सांप बुरी तरह घायल हो गया। डर और चोट के कारण उसने बिल से बाहर निकलना बंद कर दिया। वह कमजोर होता गया। कुछ समय बाद वही संत फिर गांव आए। उन्हें सांप की हालत का पता चला तो वे उसे खोजते हुए उसके बिल तक पहुंचे। संत की आवाज सुनकर सांप बिल से बाहर आया। संत ने उसकी दशा देखकर कहा, “मैंने तुम्हें किसी को डंसने से मना किया था, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं था कि तुम अपनी रक्षा करना भी छोड़ दो। तुम्हें अपनी रक्षा के लिए फुफकारना चाहिए था। लोगों को यह संकेत देना चाहिए था कि तुम्हारे साथ गलत व्यवहार न करें। बस किसी को डंसना नहीं है।” प्रसंग की सीख हर रिश्ते में कुछ सीमाएं जरूरी हैं। कोई बार-बार आपका समय, सम्मान या भावनाओं का गलत फायदा उठा रहा है, तो शांत शब्दों में अपनी सीमा स्पष्ट करें। “मैं इस तरह की बात स्वीकार नहीं करूंगा” कहना बदतमीजी नहीं, आत्मसम्मान है। कई लोग अच्छे बनने के नाम पर गलत व्यवहार भी सहते रहते हैं। उन्हें डर होता है कि विरोध करने से रिश्ता खराब हो जाएगा, लेकिन लगातार अपमान सहना समस्या का समाधान नहीं है। विनम्र रहते हुए असहमति जताना सीखिए। आत्मरक्षा का उद्देश्य खुद को सुरक्षित रखना है, बदला लेना नहीं। किसी ने आपको चोट पहुंचाई, तो उसका नुकसान करना जरूरी नहीं। बेहतर रास्ता है- स्थिति से दूरी बनाना, स्पष्ट चेतावनी देना और जरूरत पड़ने पर उचित सहायता लेना। हर अनुरोध स्वीकार करना आपकी जिम्मेदारी नहीं है। यदि कोई काम आपके समय, मूल्यों या क्षमता के विरुद्ध है, तो विनम्रता से “नहीं” कह सकते हैं। एक स्पष्ट “नहीं” कई बड़ी परेशानियों से बचा सकता है। कभी-कभी सामने वाले को यह पता नहीं होता कि उसका व्यवहार आपको परेशान कर रहा है। शांत, लेकिन दृढ़ आवाज में अपनी बात कहिए। कमजोर होकर चुप रहने और आक्रामक होकर लड़ने के बीच का रास्ता अपनाइए। यदि कोई व्यक्ति लगातार धमका रहा है, परेशान कर रहा है या नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, तो अकेले सब कुछ संभालने की कोशिश न करें। परिवार, मित्र, संस्था या जरूरत के अनुसार संबंधित अधिकारियों की मदद लें। गुस्से में लिया गया फैसला अक्सर स्थिति को और बिगाड़ देता है। पहले खुद को शांत करें, फिर जवाब दें। आपकी सबसे बड़ी ताकत कई बार आपकी प्रतिक्रिया पर नियंत्रण होती है। सीमा तय करने का अर्थ हर बात पर बहस करना नहीं है। कुछ परिस्थितियों में वहां से हट जाना ही सबसे समझदारी भरा कदम होता है। अपनी ऊर्जा उन चीजों के लिए बचाइए जो वास्तव में महत्वपूर्ण हैं। आत्मसम्मान कहता है, “मेरे साथ गलत व्यवहार मत करो।” अहंकार कहता है, “मेरी बात हर हाल में मानो।” दोनों में अंतर समझना जरूरी है। आत्मसम्मान दूसरों का सम्मान करते हुए अपनी गरिमा बनाए रखता है। किसी को नुकसान न पहुंचाएं, लेकिन जरूरत पड़ने पर फुफकारना मत भूलिए यानी किसी को नुकसान पहुंचाए बिना अपनी सुरक्षा, सम्मान और सीमाओं की रक्षा कीजिए। शांत स्वभाव बहुत अच्छी बात है, लेकिन अपनी भलमनसाहत को कमजोरी बनने न दें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *