![]()
उपायुक्त संदीप कुमार एवं एसपी कुमार गौरव ने शनिवार को नवनिर्मित जिला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान यहां उपलब्ध सुविधाओं, तकनीकी उपकरणों एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही, कंट्रोल रूम के सही संचालन एवं बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित कराने को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद डीसी व एसपी सदर अस्पताल पहुंचे। यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई, मरीजों के उपचार एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल उपाधीक्षक कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कर्मियों की उपस्थिति की जानकारी ली। कई कर्मी अनुपस्थित मिले। सिविल सर्जन को अनुपस्थित पाए गए कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए। साथ ही, कर्मियों की ससमय कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराने एवं अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने की बात कही। मौके पर डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, सीएस डॉ. राजमोहन खलखो, सदर एसडीओ दिनेश कुमार, गोपनीय प्रभारी पदाधिकारी श्रेयांश, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन समेत संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहें। उपायुक्त ने सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नवीनतम तकनीक एवं आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित तीन ऑपरेशन थिएटर तैयार करने के निर्देश दिए। ताकि, यहां आने वाले मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। साथ ही, उपायुक्त ने अस्पताल में कपड़ों की समुचित धुलाई एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लॉन्ड्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही। साफ-सफाई का ध्यान देने के निर्देश उपायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्डों, शौचालयों एवं अन्य स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखने की बात कही। कहा कि यहां आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने सहित कई निर्देश दिए।
Source link
सदर अस्पताल में अत्याधुनिक तीन ऑपरेशन थिएटर बनेंगे, लॉन्ड्री की भी व्यवस्था होगी
