![]()
हिसार जिले के बनभौरी गांव के पास एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी और मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में 11 साल का एक नाबालिग भी शामिल है। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के बाद अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, गांव सरहेड़ा निवासी 22 वर्षीय मोनू, 11 वर्षीय पुनीत और रवि एक ही बाइक पर सवार होकर जींद जिले के मखंड गांव में खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे थे। जब वे बनभौरी गांव के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही फॉर्च्यूनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि अनियंत्रित होकर बाइक एक अन्य मोटरसाइकिल से भी टकरा गई। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से तीनों घायल युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने मोनू और पुनीत को मृत घोषित कर दिया। रवि की गंभीर हालत के कारण उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों शवों को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Source link
हिसार में फॉर्च्यूनर की टक्कर से दो युवकों की मौत:मृतकों में एक नाबालिग शामिल; बाइक पर थे, एक अन्य घायल अग्रोहा रेफर
