Headlines

सहरसा में पीएम सूर्य घर योजना का सोलर मेला:'ऑन द स्पॉट' रजिस्ट्रेशन के लिए उमड़ी भीड़, डीएम ने किया शुभारंभ




सहरसा में प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ को जन-जन तक पहुँचाने और सौर ऊर्जा के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन परिसर में एक दिवसीय ‘सोलर मेला’ आयोजित किया गया। विद्युत विभाग, सहरसा द्वारा आयोजित इस मेले का शुभारंभ जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मेले में जिले के बिजली उपभोक्ताओं, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। हरित और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने इस अवसर पर उपस्थित लोगों को हरित और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया। विभागीय अधिकारियों ने अतिथियों और आम नागरिकों का स्वागत करते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य हर घर को स्वच्छ, सस्ती और आत्मनिर्भर ऊर्जा उपलब्ध कराना है। ‘स्वच्छ ऊर्जा अभियान’ को सफल बनाएं उपभोक्ता अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर प्लांट लगाकर न सिर्फ अपने बिजली बिल को शून्य या बेहद कम कर सकते हैं, बल्कि अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर आर्थिक लाभ भी कमा सकते हैं। उप विकास आयुक्त (DDC) गौरव कुमार ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि उपभोक्ता अधिक से अधिक संख्या में इस योजना से जुड़कर ‘स्वच्छ ऊर्जा अभियान’ को सफल बनाएं। कार्यक्रम के दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता (विद्युत आपूर्ति प्रमंडल) अमित कुमार ने योजना के वित्तीय एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी। 1 किलोवाट पर ₹30,000 की सब्सिडी मिलेगी उन्होंने बताया कि 1 किलोवाट क्षमता पर ₹30,000 की सब्सिडी मिलेगी, 2 किलोवाट क्षमता पर ₹60,000 की सब्सिडी देय है, और 3 किलोवाट या उससे अधिक क्षमता पर अधिकतम ₹78,000 तक का अनुदान मिलेगा। इसके अतिरिक्त, सोलर प्लांट लगाने के लिए विभिन्न बैंकों के माध्यम से महज 7 प्रतिशत की रियायती ब्याज दर पर ₹2 लाख तक का आसान ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी विद्युत कार्यपालक अभियंता (STF) प्रशांत कुमार ने बताया कि मेले का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की शंकाओं का तुरंत निवारण करना था। मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों पर तकनीकी विशेषज्ञों और अधिकृत वेंडरों द्वारा सोलर पैनल की कार्यप्रणाली, रख-रखाव, सुरक्षा मानकों और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। मेले का मुख्य आकर्षण ‘ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन’ की सुविधा रही, जिसके माध्यम से कई इच्छुक उपभोक्ताओं ने मौके पर ही योजना के लिए आवेदन किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद इस भव्य आयोजन में अपर समाहर्ता निशांत कुमार, सहायक विद्युत अभियंता (सहरसा शहरी) सुशील कुमार सुधांशु, सहायक विद्युत अभियंता (सहरसा ग्रामीण) बिजेंद्र कुमार, सहायक विद्युत अभियंता (सौरबाजार) सुशील कुमार, प्रशासी पदाधिकारी राजेश झा, आईटी मैनेजर प्रभाष देव सहित सभी कनीय विद्युत अभियंता, विभागीय कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में मानव बल उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्युत विभाग द्वारा सभी उपस्थित अतिथियों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *