Headlines

सहरावत खाप के दोनों गुट एक मंच पर आए:इसराना में हुई महापंचायत में एकता का फैसला लिया, 21 सदस्यीय कमेटी का गठन




पानीपत जिले के इसराना उपमंडल स्थित सैनिक भवन में बुधवार, 12 अगस्त को सहरावत खाप हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की महापंचायत का आयोजन किया गया। इस पंचायत की अध्यक्षता खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष धारा सिंह सहरावत (बवाना) ने की। इसमें सहरावत खाप के दो अलग-अलग गुटों को समाप्त कर एकता और भाईचारे के साथ एक मंच पर आने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। महापंचायत में देशभर से सहरावत समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए। इनमें हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष जयवीर सिंह सहरावत, तेजराम सहरावत और उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष वरुण सहरावत सहित विभिन्न जिलों व मंडल इकाइयों के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। दोनों पक्षों ने आपसी मतभेद समाप्त करते हुए समाज के हित में मिलजुल कर कार्य करने और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया। दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर कार्यक्रम करने का फैसला खाप पंचायत ने भविष्य की रणनीति पर विशेष चर्चा के लिए आगामी समय में बवाना, दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने का फैसला किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत में फैले सहरावत समाज को एक मंच पर लाना है, जिसके लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मिलकर प्रयास करेंगे। संगठन को मजबूत करने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया। यह कमेटी पूरे भारत में सहरावत समाज के बीच संपर्क, प्रचार-प्रसार, संगठन विस्तार और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करेगी। पंचायत में उपस्थित समाज के लोगों ने कहा कि एकता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है। समापन पर सभी पदाधिकारियों ने आपसी मतभेद से ऊपर उठकर सहरावत समाज को एक विचार और एक मंच के साथ आगे बढ़ाने तथा देश भर में समाज की एकता को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास करने का संकल्प दोहराया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *