![]()
बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से मुलाकात कर मेरठ के खड़ौली क्रॉसिंग पर रोड फ्लाईओवर के निर्माण और दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के चौड़ीकरण की मांग उठाई। सांसद ने कहा कि यह समस्या पिछले करीब दस वर्षों से बनी हुई है, जिससे प्रतिदिन लाखों लोगों को जाम, लंबा चक्कर और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। सांसद ने बताया कि भोला रोड मेरठ शहर को भोला की झाल, पुरा महादेव मंदिर और आसपास के दर्जनों गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। खड़ौली क्रॉसिंग पर राष्ट्रीय राजमार्ग-58 को पार करने की व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं, जिससे हाईवे पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है और आठ किलोमीटर की दूरी तय करने में कई-कई घंटे लग जाते हैं। डॉ. सांगवान ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि खड़ौली क्रॉसिंग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से यहां फ्लाईओवर या आरओबी का निर्माण बेहद जरूरी है। सांसद ने यह भी कहा कि यह मार्ग धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान पुरा महादेव मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, जिससे यातायात का दबाव और बढ़ जाता है। ऐसे में स्थायी समाधान के लिए खड़ौली क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर का निर्माण और दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग-58 बाईपास का चौड़ीकरण कराया जाना आवश्यक है। मुलाकात के दौरान सांसद ने भविष्य में बढ़ते यातायात को ध्यान में रखते हुए अन्य प्रमुख स्थानों पर भी फ्लाईओवर निर्माण की योजना तैयार करने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।
Source link
सांसद ने उठाई खड़ौली क्रॉसिंग पर फ्लाईओवर की मांग:डॉ राजकुमार सांगवान ने नितिन गडकरी से की मुलाकात कर रखे क्षेत्र के प्रस्ताव
