मंडला में लाखों की चोरी खुलासा:नाबालिग समेत दो आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड अब भी फरार




मंडला जिले की नैनपुर पुलिस ने गुरुवार को डेढ़ माह पहले हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा किया है। इस मामले में नाबालिग समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की रकम से खरीदी गई बाइक और मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, यह चोरी 6 जून को हुई थी। नैनपुर के वार्ड क्रमांक-15 निवासी अनंत कुमार वैष्णव ने थाना नैनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे परिवार सहित लगभग एक माह के लिए विवाह समारोह में बाहर गए थे। घर लौटने पर उन्हें पीछे के दोनों दरवाजों की कुंडियां टूटी मिलीं। घर से लगभग 7 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण, 2.25 लाख रुपए नकद और अन्य सामान चोरी हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रिंस मर्सकोले (20) और एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। एसडीओपी नैनपुर मनीष राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रिंस की मां शिकायतकर्ता के घर में काम करती थी। इसी वजह से आरोपियों को घर की पूरी जानकारी थी। चोरी की इस वारदात में एक नाबालिग सहित कुल तीन आरोपी शामिल थे। चोरी हुए अधिकांश सोने-चांदी के आभूषण जिले के बाहर बेचे जा चुके हैं। चोरी के बाद खरीदी बाइक और मोबाइल पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की रकम से एक आरोपी ने बाइक खरीदी थी, जबकि दूसरे ने लगभग 40 हजार रुपए का मोबाइल फोन खरीदा था। पुलिस ने ये दोनों सामान जब्त कर लिए हैं। फिलहाल, मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी के बाद चोरी हुए शेष माल की बरामदगी के साथ-साथ इस गिरोह द्वारा पहले की गई अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मंशाराम वगेन, विक्रम सिंह बघेल, जगदीश सेयाम और नेताम सहित नैनपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *