![]()
रायपुर में साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदकर सराफा कारोबारियों को चूना लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 1 लाख 80 हजार रुपए कीमत के 12 ग्राम सोने के सिक्के बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पैसों के स्रोत और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। अब पढ़िए क्या है पूरा मामला पुलिस के मुताबिक, टिकरापारा क्षेत्र स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स में 18 जुलाई को दो युवक पहुंचे थे। इनमें से एक युवक ने 7 ग्राम सोने का सिक्का खरीदने की बात कही। दुकान में एक साथ 7 ग्राम का सिक्का उपलब्ध नहीं होने पर उसे 1-1 ग्राम के सात सिक्के दिए गए। इनकी कीमत 99,900 रुपए थी। आरोपी ने JAGDAMBA TC नाम की UPI आईडी से ऑनलाइन भुगतान किया। दो दिन बाद ज्वेलर्स संचालक को बैंक से जानकारी मिली कि यह रकम साइबर फ्रॉड से जुड़ी होने के कारण फ्रीज कर दी गई है। जांच में पता चला कि जिस खाते से भुगतान हुआ था, उसमें साइबर ठगी की रकम जमा थी। दूसरे ज्वेलर्स से भी खरीदा सोना 17 जुलाई को अजय ज्वेलर्स में भी एक युवक पहुंचा और 5 ग्राम का सोने का सिक्का खरीदा। इसके लिए 76,220 रुपए का भुगतान उसी UPI आईडी से किया गया। आरोपी ने बाद में 23,500 रुपए और ट्रांसफर किए और सोना नहीं लेने की बात कहकर यह रकम वापस ले ली। बैंक जांच में कुल 1,99,440 रुपए का लेन-देन विवादित पाया गया। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने पकड़ा मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने UPI ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, CCTV फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर मनजीत मंडल, शाहिल नेताम और आयुष साहू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के जब्त किए हैं।
Source link
साइबर-ठगी के पैसों से कारोबारी को ठगने वाले 3 गिरफ्तार:सोना खरीदकर किया ऑनलाइन पेमेंट, पैसा होल्ड हुआ; तकनीकी जांच से पकड़े गए आरोपी
