![]()
मेरठ की लालकुर्ती थाना पुलिस ने सेना के सूबेदार को टक्कर मारकर फरार होने वाले कार चालक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की वोल्वो कार भी बरामद कर सीज कर दी है। आरोपी शहर के एक प्रतिष्ठित कपड़ा कारोबारी का बेटा है। पुलिस ने मृतक सूबेदार के बेटे की तहरीर पर दर्ज मुकदमे के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार शाम सेना की यूनिट 2 सिग्नल कोर में तैनात सूबेदार अरविंद कुमार झा अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। रुड़की रोड स्थित एमईएस मेट्रो स्टेशन के पास वह यू-टर्न ले रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार वोल्वो कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सूबेदार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर दूर जाकर गिरे, जबकि कार चालक मौके से कार लेकर फरार हो गया। अस्पताल में किया गया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामला सैन्यकर्मी से जुड़ा होने के कारण सेना के जवान और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल सूबेदार को तत्काल मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बेटे की तरफ से दर्ज कराई रिपोर्ट
मृतक के बेटे योगेश कुमार झा की तहरीर पर लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान कुछ ही घंटों में दुर्घटना में शामिल वोल्वो कार और उसके मालिक की पहचान कर ली गई। आरोपी क्लाथ हाउस के संचालक का बेटा
एसओ लालकुर्ती हरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान गुरशान पुत्र रणदीप, निवासी साकेत के रूप में हुई है। वह शहर के कपड़ा कारोबारी नैय्यर का बेटा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी वोल्वो कार बरामद कर सीज कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सूबेदार को टक्कर मारने वाला कारोबारी का बेटा गिरफ्तार:सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ घंटों में पुलिस ने आरोपी की पहचान कर दबोचा
