Headlines

सेवा संकल्प यात्रा में भाजपा जुटाएंगी युवा शक्ति:भिलाई में प्रभारी बोले- वडनगर से वाराणसी तक जाएगी यात्रा, पदाधिकारियों दी जाएगी जिम्मेदारी




प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर भाजपा की ओर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से 15 सितंबर से सेवा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मस्थान वडनगर से होगी और इसका समापन उनके लोकसभा क्षेत्र वाराणसी में होगा। यात्रा को सफल बनाने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इससे जोड़ने के लिए भिलाई में भाजयुमो की बैठक हुई। बैठक में यात्रा की तैयारियों, युवाओं की भागीदारी और अलग-अलग स्तर पर जिम्मेदारियां तय करने को लेकर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो जिला अध्यक्ष सौरभ जायसवाल ने की। कार्यक्रम का संचालन विनय सेन ने किया। बैठक में भाजपा के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। वैशाली नगर विधायक और कार्यक्रम के संयोजक रिकेश सेन ने कार्यकर्ताओं से यात्रा में युवाओं की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। इस दौरान भाजयुमो के प्रदेश राहुल टिकरिहा भी मौजूद रहे। वडनगर से करीब 500 लोगों का समूह निकलेगा
अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने बताया कि इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से युवा अलग-अलग रास्तों से वाराणसी पहुंचेंगे। वडनगर से करीब 500 लोगों का समूह अलग-अलग मार्गों से यात्रा करते हुए वाराणसी पहुंचेगा। इसके जरिए युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन, सेवा कार्यों और देश के लिए किए गए कामों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।भाजपा नेताओं का कहना है कि यात्रा को केवल एक कार्यक्रम के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को सेवा और समाज के प्रति जिम्मेदारी से जोड़ना है। भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में युवाओं से संपर्क कर उन्हें यात्रा और अभियान की जानकारी देने की जिम्मेदारी भी दी गई है। युवाओं को जोड़ने पर जोर
भाजपा जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा और देश के प्रति समर्पण से जुड़ा रहा है। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने को कहा। उनका कहना है कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है और युवा मोर्चा इस अभियान को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

रिकेश सेन बोले- युवाओं की ज्यादा भागीदारी जरूरी
वैशाली नगर विधायक और यात्रा के संयोजक रिकेश सेन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल सेवा, संघर्ष और देशहित के कामों से जुड़े हैं। उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प यात्रा में सक्रिय रूप से शामिल होने और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इससे जोड़ने की अपील की। बैठक में कार्यकर्ताओं ने यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री मनीष अग्रवाल, दुर्ग महामंत्री विनोद अरोरा, राजनांदगांव महामंत्री सौरभ कोठारी, भाजयुमो दुर्ग जिलाध्यक्ष हिमांशु सिंह, महामंत्री अनिकेत यादव, आरुणि दानी, भाजयुमो राजनांदगांव महामंत्री नोमेष वर्मा सहित भिलाई में रहने वाले प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *