Headlines

सैंपऊ में लवकुश जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली:सर्व समाज ने की फूलों की बारिश; सामाजिक एकता, शिक्षा और भाईचारे का दिया संदेश




धौलपुर के सैंपऊ कस्बे में रविवार को भगवान लवकुश जयंती के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा जय भोले कुशवाहा विकास समिति और कुशवाहा समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर इसका स्वागत किया। इस दौरान सामाजिक एकता, शिक्षा और भाईचारे का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे धौलपुर रोड स्थित बीआर गार्डन में भगवान लवकुश के जन्मोत्सव और पूजा-अर्चना के साथ हुई। दोपहर 3 बजे शोभायात्रा रवाना हुई, जो सैंपऊ थाना, भरतपुर रोड पुलिया, मुख्य बाजार और तहसील तिराहा होते हुए बाड़ी रोड स्थित पार्वती पुल पहुंची। शाम करीब 5 बजे भगवान लवकुश की आरती के साथ शोभायात्रा का समापन हुआ। समाज में एकता और शिक्षा का महत्व बताया
संत प्रशीलदास महाराज शोभायात्रा में मुख्य अतिथि और ध्वजवाहक रहे। उन्होंने समाज में एकता और शिक्षा का महत्व बताते हुए कहा कि भगवान लवकुश से प्रेरणा लेकर समाज को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षा ही व्यक्ति को महान बनाती है और भगवान लवकुश समाज की धरोहर एवं विरासत हैं। शोभायात्रा में चार भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें बाल स्वरूप में अश्व पकड़े भगवान लवकुश, राम दरबार, महादेव-पार्वती और ऋषि वाल्मीकि आश्रम की झांकियां शामिल थीं। अश्व पकड़े बाल लवकुश की झांकी ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। ‘जय श्रीराम’ और ‘जय लवकुश’ के जयघोष गूंजे
नगर पालिका चुनाव की आचार संहिता के मद्देनजर आयोजकों ने प्रशासन का पूर्ण सहयोग किया। शोभायात्रा के दौरान किसी प्रकार की राजनीतिक नारेबाजी नहीं हुई, बल्कि ‘जय श्रीराम’ और ‘जय लवकुश’ के जयघोष गूंजते रहे। थानाधिकारी अमित शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। मार्ग में गिर्राज जाटव, जाटव समाज, घूरेलाल परमार, रामखिलाड़ी कुशवाहा सहित अन्य समाजबंधुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रामहेत कुशवाहा, सचिव उदय कुशवाहा, डॉ. ओपी सिंह कुशवाहा और निवर्तमान चेयरमैन अर्जुन सिंह कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *