![]()
मंडला जिले के नैनपुर ब्लॉक स्थित मक्के गांव में स्वास्थ्य विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर वसूली करने वाले पकड़ाए हैं। डॉक्टर की शिकायत पर बम्हनी बंजर पुलिस ने शुक्रवार शाम नाकाबंदी कर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मध्यप्रदेश शासन का स्टीकर लगी बोलेरो गाड़ी भी जब्त की है। मामला तब सामने आया जब मक्के गांव में ‘गोस्वामी आरोग्य निकेतन क्लिनिक’ चलाने वाले बीएमएस डॉक्टर युवराज पूरी गोस्वामी के पास दोपहर में बोलेरो से चार लोग पहुंचे। उन्होंने खुद को स्वास्थ्य विभाग का अधिकारी बताते हुए क्लिनिक के रजिस्ट्रेशन और डिग्री को फर्जी करार दिया और क्लिनिक सील करने की धमकी दी। इसके बाद क्लिनिक सील न करने के बदले 20 हजार रुपए की मांग की। डॉक्टर ने डर के मारे पैसे दे दिए, लेकिन बाद में जिला स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करने पर उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। नाकाबंदी कर पुलिस ने पकड़ा सूचना मिलते ही नैनपुर बीएमओ डॉ. राजीव चावला और पुलिस टीम ने साझा रणनीति बनाकर घेराबंदी की। जामगांव की तरफ बोलेरो जाने की खबर मिलते ही बम्हनी बंजर पुलिस को अलर्ट किया गया। पुलिस ने घेराबंदी की और गाड़ी रोककर तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया। वारदात में शामिल एक अन्य व्यक्ति मौका पाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है। एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीनों संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
स्वास्थ्य अधिकारी बनकर वसूली करने वाले तीन लोग पकड़ाए:मप्र शासन लिखी बोलेरो जब्त; क्लिनिक सील करने की धमकी देकर 20 हजार लिए थे
