![]()
गुरुग्राम जिले में सोहना सिटी थाने के सामने यूनियन बैंक की इमारत में दिनदहाड़े चोरी हुई। चोरों ने मजदूरों के दो मोबाइल फोन, दो बैग और एसी की तांबे की आठ पाइप चुरा लीं। सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी को सुशील नगर से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, यूनियन बैंक की इमारत की दूसरी मंजिल पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और मजदूरों के दो मोबाइल फोन, सामान से भरे दो थैले तथा एसी की तांबे की आठ पाइप चोरी कर लीं। बताया जा रहा है कि युवक ने चोरी किए गए सामान को पहले इमारत के पीछे स्थित एक बड़े खाली प्लाट में फेंक दिया। इसके बाद वह कबाड़ बीनने वाले एक युवक से उसका थैला छीनकर लाया और उसमें सामान रखकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। इसके आधार पर कथित आरोपी की पहचान उदाका गांव निवासी अंकित के रूप में हुई। लोगों ने उसे सुशील नगर से पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चोरी किए गए दोनों मोबाइल फोन मजदूरों को वापस कर दिए हैं। हालांकि, अन्य सामान की बरामदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल दिनदहाड़े सिटी थाने के सामने हुई चोरी की इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले करने के बावजूद अब तक कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, पुलिस का आधिकारिक पक्ष अभी सामने आना बाकी है।
Source link
सोहना सिटी थाने के सामने बैंक इमारत से चोरी:दो मोबाइल और एसी के 8 पाइप चुराए; CCTV से पकड़ा गया आरोपी
