![]()
एटा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा धर्मवीर प्रजापति ने जिले में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने मारहरा रोड स्थित रानी अवंती बाई लोधी स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा के बाद फहराया राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा यात्रा रवाना करने के बाद मंत्री ने मेडिकल कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया गया। मंत्री ने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर शहीदों और उनके परिवारों को नमन किया। उन्होंने युवाओं से अच्छी शिक्षा हासिल कर देश के विकास और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इसके बाद मंत्री ने शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
चार महिलाओं और कारगिल योद्धा को किया सम्मानित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने शहीद परिवारों की महिलाओं और कारगिल युद्ध में दिव्यांग हुए सैनिक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मानित वीर नारियों में शहीद राम सिंह की पत्नी ज्ञानवती, शहीद राजेश कुमार की पत्नी श्वेता यादव, शहीद सिग्नलमैन होमेश प्रताप सिंह की पत्नी राधा देवी और शहीद लांस नायक ओसपाल सिंह की पत्नी ममता देवी शामिल रहीं। वहीं, कारगिल युद्ध के दौरान जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में दुश्मन से लड़ते हुए दिव्यांग हुए हवलदार मुकेश कुमार को भी सम्मानित किया गया।
बोले- शहीदों के बलिदान का देश हमेशा ऋणी रहेगा अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और बलिदानियों का देश सदैव ऋणी रहेगा। उनके त्याग और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीर नारियों और सैनिक परिवारों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना समाज की जिम्मेदारी है।
Source link
स्वतंत्रता दिवस पर मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने किया सम्मानित:एटा में कारगिल युद्ध के दिव्यांग सैनिक और शहीदों की पत्नियों को स्मृति चिह्न भेंट किए
