Headlines

हरदोई में सब्जी विक्रेता से मोपेड, मोबाइल छीना:एक आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी




हरदोई में पाली थाना क्षेत्र के ग्राम सहजनपुर के पास शनिवार रात करीब 8 बजे एक सब्जी विक्रेता से मारपीट कर मोपेड, मोबाइल फोन और नकदी छीन ली गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, सहजनपुर निवासी बृजेश राठौर पुत्र रामपाल भोरापुर सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते हैं। शनिवार शाम को जब वह बाजार से चकरोड के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे, दावा है तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित बृजेश राठौर के मुताबिक, आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और चाकू का भय दिखाकर उनकी मोपेड, मोबाइल फोन और लगभग 6 हजार रुपये की नकदी छीन ली। विरोध करने पर उनके साथ हाथापाई भी हुई, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के संबंध में एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित बृजेश राठौर से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी के अनुसार, “दिनांक शनिवार की रात थाना पाली के ग्राम सहजनपुर के बृजेश राठौर बाजार से चकरोड द्वारा अपने गांव वापस आ रहे थे। रास्ते में प्रिंस पुत्र नथुनी और नन्हे पुत्र विशेश्वर ने उनके साथ मारपीट की व उनकी मोपेड व मोबाइल छीन लिया। इस संबंध में वादी से तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। स्थानीय पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त नन्हे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। दूसरे नामजद अभियुक्त प्रिंस की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयासरत हैं।” एएसपी पश्चिमी ने आगे बताया कि पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी आवश्यक बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है और मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही प्रचलित है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *