Headlines

हरियाणा में थाने के सामने 7 लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग:30 राउंड गोलियों से ब्लैक स्कॉर्पियो छलनी की; हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लिए भागता दिखा




हरियाणा के दादरी शहर में सिटी थाने के सामने गुरुवार को अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस दौरान ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार 7 लोगों को गोलियां मारी गईं। सभी को सिविल अस्पताल लाने के बाद रोहतक PGI रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सिटी थाने के ठीक सामने 3 बदमाश बाइक पर बैठकर आए और गाड़ी रुकवाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। 30 राउंड फायरिंग से ब्लैक स्कॉर्पियो को छलनी किया। गोलियों की गूंज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार कोर्ट से पेशी भुगतकर आ रहे थे। पुलिस इसे गैंगवार मान रही है। घटना का एक वीडियो भी सामने आया। जिसमें ब्लैक स्कॉर्पियों में लहूलुहान युवक बैठे दिख रहे हैं। वहीं, एक हमलावर हाथ में रिवॉल्वर लेकर भागता दिखा। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है, जबकि गोलीबारी की वजह की जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही SP और दो DSP घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। गोलीबारी के बाद के PHOTOS… अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला बाइक पर आए बदमाश, स्कॉर्पियो रुकवाकर बरसाईं गोलियां पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर आए। आरोपियों ने थाने के सामने स्कॉर्पियो के आगे बाइक अड़ाकर उसे रुकवा लिया। इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। एक हमलावर की फुटेज भी सामने आई। फायरिंग में 7 लोग घायल, रोहतक PGI रेफर फायरिंग में 7 लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें अंकित (चरखी दादरी), कीर्तिमान (हिसार), सूरज (मानहेरू), अंकित (भिवानी), सनी (हिसार), कृष्ण (महेंद्रगढ़) और अमित (फतेहगढ़) शामिल हैं। सभी को पहले दादरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। एसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, डीएसपी समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। मौके से बरामद गोलियों के खोल और अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है। CCTV खंगाल रही पुलिस, हमलावरों की तलाश तेज आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान हो सके। इसके साथ ही आसपास के थाना क्षेत्रों को भी अलर्ट कर दिया गया है और संदिग्ध वाहनों व बदमाशों की तलाश में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि यह गैंगवार का मामला हो सकता है। हालांकि अभी हमलावरों की पहचान नहीं हुई है। SP बोले- गैंगवार लग रहा, जांच जारी चरखी दादरी के SP लोगेश कुमार पी. के अनुसार, दोपहर 1 बजे घटना की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में गैंगवार से जुड़ी घटना लग रही है। अभी जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *