![]()
समस्तीपुर जिले के हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा वार्ड संख्या-3 में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला ने फंदे से लटककर जान दे दी। मृतका की पहचान गांव के रवि राय की 27 वर्षीय पत्नी कविता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के पति और ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोमवार को सदर अस्पताल भेज दिया। बताया गया है कि कविता देवी चार बच्चों की मां थी। उसके सभी बच्चे पांच वर्ष से कम उम्र के हैं। इनमें छह माह की एक बच्ची भी शामिल है। घटना के संबंध में मृतका के पड़ोसी बहादुर राय ने बताया कि वह रविवार रात करीब 9:30 बजे पटना से लौटे थे। गांव पहुंचने पर उन्हें जानकारी मिली कि रवि की पत्नी ने फंदे से लटककर जान दे दी है। जब वह रवि के घर के पास पहुंचे तो वहां काफी संख्या में लोगों की भीड़ लगी हुई थी। लोगों ने महिला को फंदे से नीचे उतार लिया था। इस दौरान घर के लोग वहां मौजूद नहीं थे। कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसी बीच मृतका के मायके वाले भी वहां पहुंच गए और ससुराल पक्ष के लोगों से कहासुनी होने लगी। इसके बाद रवि और उसके परिवार के लोग वहां से चले गए। बाद में मायके वाले भी वहां से चले गए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, रवि वाहन चलाने का काम करता है और उसके नियमित रूप से काम पर नहीं जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। रविवार रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद कविता ने कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस पदाधिकारी ने क्या कहा पटोरी के डीएसपी बीके मेधावी ने बताया कि महिला की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है। परिवार के लोग पति-पत्नी के बीच विवाद की बात बता रहे हैं। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हलई थाना क्षेत्र की घटना:पति-पत्नी के विवाद, महिला ने फंदे से लटककर दी जान, मायके वालों के पहुंचने पर घर से फरार हुए पति व ससुराल के लोग
