![]()
हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में, प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर गुरुवार रात विदिशा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नीमताल चौराहे पर गांधी प्रतिमा के सामने धरना दिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खड़गे की सभा के बाद कुछ लोगों ने हवन किया और गंगाजल का छिड़काव कर कार्यक्रम स्थल का कथित शुद्धिकरण किया। कांग्रेस ने इस कृत्य को खड़गे के सम्मान, सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध बताते हुए आपत्तिजनक करार दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित रघुवंशी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह सत्याग्रह किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थित संगठनों से जुड़े लोगों ने सभा के बाद शुद्धिकरण जैसी गतिविधि की, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है। रघुवंशी ने कहा कि 17 अगस्त को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कोतवाली में आवेदन देकर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की जाएगी। निजी परिवाद दायर करने की चेतावनी
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं होती है, तो पार्टी अधिवक्ताओं के माध्यम से निजी परिवाद दायर करेगी। कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि खड़गे का अपमान केवल एक व्यक्ति या कांग्रेस अध्यक्ष का अपमान नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समानता और संविधान की भावना पर प्रहार है। पार्टी ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं समाज में भेदभाव और नफरत की मानसिकता को बढ़ावा देती हैं। धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक समानता, भाईचारे और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि हल्द्वानी की घटना के विरोध में पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
Source link
हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद ‘शुद्धिकरण’ का आरोप:विरोध में विदिशा में कांग्रेस का सत्याग्रह; नीमताल चौराहे पर धरना
