Headlines

हांसी में फर्जी संपत्ति प्रमाण पत्र देकर ठगी:प्रॉपर्टी नामांकरण के नाम पर 90 हजार रुपए हड़पे, आरोपी अरेस्ट, ₹20,000 बरामद




हांसी में नगर परिषद में मकान का नामांतरण करवाने के नाम पर 90 हजार रुपए लेकर फर्जी संपत्ति प्रमाण पत्र थमाने के मामले में किला बाजार चौकी पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लाल सड़क निवासी कर्मबीर सिंह उर्फ करमू उर्फ समीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी से ठगी के 20 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। उप निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि इस संबंध में 25 मई 2026 को किला बाजार पुलिस चौकी में धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने नगर परिषद हांसी में मकान का नामांतरण करवाने के नाम पर उससे 90 हजार रुपए लिए थे। इसके बाद आरोपी ने उसे एक संपत्ति प्रमाण पत्र दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दस्तावेज की जांच करवाई तो नगर परिषद के रिकॉर्ड में उक्त संपत्ति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। गुरुग्राम की जेल में बंद था आरोपी, प्रोडक्शन वारंट पर लिया पुलिस के अनुसार, आरोपी किसी अन्य मामले में जिला जेल भोंडसी, गुरुग्राम में बंद था। इसके चलते अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया गया। 1 अक्टूबर को कोर्ट की अनुमति से आरोपी को इस मामले की जांच में शामिल किया गया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड के दौरान पूछताछ में पुलिस ने आरोपी द्वारा धोखाधड़ी से प्राप्त 20 हजार रुपए बरामद किए। शुक्रवार को आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भोंडसी, गुरुग्राम भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *