Headlines

हिसार में युवक की हत्या कर नहर में फेंका:हाथ में मिली ऑनलाइन मंगवाई हथकड़ी, सिर पर चोट के निशान; पुलिस पहचान में जुटी




हरियाणा के हिसार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कैमरी गांव के पास नहर में एक अज्ञात युवक का शव बहता हुआ मिला है। बदमाशों ने युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को नहर में फेंक दिया। खौफनाक बात यह रही कि मृतक के दोनों हाथ पीछे की तरफ हथकड़ी से बंधे हुए थे और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। सूचना मिलने के बाद आजाद नगर थाना पुलिस और ‘सीन ऑफ क्राइम’ की फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में भिजवा दिया है। ऑनलाइन खरीदी गई हथकड़ी पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि बदमाशों ने जिस हथकड़ी से युवक के हाथ बांधे थे, वह पुलिस विभाग की नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि हत्यारों ने इसे ऑनलाइन मंगवाया था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे कैमरी-मीरकां रोड स्थित नहर में राहगीरों ने बहते हुए शव को देखा और तुरंत आजाद नगर थाना पुलिस को खबर दी। मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास है। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। आजाद नगर थाना प्रभारी मनदीप ने बताया- युवक के दोनों हाथ पीछे हथकड़ी से बंधे हुए हैं। शुरुआती जांच में यह सीधा-सीधा हत्या का मामला नजर आ रहा है। इस्तेमाल की गई हथकड़ी पुलिस महकमे की नहीं है। मौत के सटीक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस आसपास के इलाकों और थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है। डाबड़ा और सातरोड नहर की तरफ से बहकर आया शव पुलिस की शुरुआती पड़ताल में सामने आया है कि सातरोड नहर से डाबड़ा गांव की तरफ जो नहर निकलती है, शव उसी बहाव के साथ बहता हुआ मीरकां गांव के पास तक पहुंचा था। पुलिस अब नहर के ऊपरी बहाव वाले इलाकों में सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि मृतक की पहचान के साथ-साथ आरोपियों तक पहुंचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *