Headlines

हाथरस के शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब:सावन के पहले सोमवार पर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे मंदिर




सावन माह के पहले सोमवार पर हाथरस के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का दूध, गंगाजल और पूजन सामग्री से विधि-विधान के साथ जलाभिषेक किया। मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए और कांवड़ियों के लिए शिविर भी लगाए गए। हाथरस में शिवभक्त गंगा घाटों से कांवड़ में गंगाजल लेकर पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने बेलपत्र, धतूरा, भांग, काले तिल, फल, पुष्प और फूलमालाएं अर्पित कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। “हर-हर महादेव” और “जय बाबा भोलेनाथ” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की गई थी। सावन के पहले सोमवार के अवसर पर फल, फूल, बेलपत्र और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। शहर के चौबे वाले महादेव (सिकंद्राराऊ रोड), गोपेश्वर महादेव (सिटी स्टेशन के निकट), चिंताहरण महादेव (आगरा रोड), बाबुलनाथ महादेव (जोगिया रोड), भूतेश्वर महादेव (नाई का नगला), दुर्गेश्वर महादेव, भकाभेंड़ा महादेव, नमृदेश्वर महादेव और मनकामेश्वर महादेव सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से देर तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर कांवड़ियों के ठहरने के लिए शिविर लगाए गए। वहीं, भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख मंदिरों पर पुलिस बल तैनात रहा। सावन के पहले सोमवार पर पूरा हाथरस शिवभक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *