Headlines

हापुड़ में पैसों के लेनदेन पर विवाद, VIDEO:होटल में घुसकर संचालक को पीटा, जमकर तोड़फोड़ की




हापुड़ के बुलंदशहर रोड स्थित नाहरी दरबार होटल में सोमवार रात पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि आधा दर्जन से अधिक युवकों ने होटल में घुसकर संचालक के साथ मारपीट की और तोड़फोड़ की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के मुताबिक, होटल संचालक का अपने पूर्व पार्टनर से पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते सोमवार रात करीब 9 बजे कुछ युवक होटल पहुंचे थे। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद युवकों ने कथित तौर पर होटल के अंदर हंगामा शुरू कर दिया। होटल में मौजूद लोगों के अनुसार, हमलावरों ने सामान में तोड़फोड़ की और संचालक को घेरकर लात-घूंसों से पीटा। अचानक हुए इस हंगामे से होटल में अफरातफरी मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में कई युवक होटल के अंदर हंगामा और तोड़फोड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी यह पूरी घटना कैद हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, पुलिस होटल संचालक और अन्य प्रत्यक्षदर्शियों से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटा रही है। कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान का कहना है कि शिकायत और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *