हिमाचल घटना के बाद कसार देवी में सतर्कता बढ़ी:इजरायली पर्यटकों की सुरक्षा पर पुलिस की नजर, सीओ बोले- सब सामान्य




हिमाचल प्रदेश के धर्मकोट में इजरायली पर्यटकों को धमकी भरे संदेश लिखे जाने की घटना के बाद अल्मोड़ा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कसार देवी क्षेत्र में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। कसार देवी लंबे समय से इजरायली पर्यटकों का प्रमुख ठिकाना रहा है, जिसके चलते यहां पुलिस नियमित गश्त के साथ पर्यटक गतिविधियों पर नजर रख रही है। यह सतर्कता हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के मैक्लोडगंज-धर्मकोट मार्ग पर हुई घटना के मद्देनजर बढ़ाई गई है। वहां अज्ञात लोगों ने दीवारों पर इजरायल विरोधी नारे लिखे, फिलिस्तीन का झंडा पेंट किया और लाल स्प्रे से अंग्रेजी में ‘Are You Next?’ लिखकर इजरायली पर्यटकों को धमकी देने का प्रयास किया। धर्मकोट को ‘मिनी इजरायल’ के नाम से जाना जाता है, जहां हर साल हजारों इजरायली पर्यटक आते हैं। इस घटना के बाद मैक्लोडगंज थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। हिमाचल की इस घटना के बाद उत्तराखंड के उन क्षेत्रों में भी सतर्कता बढ़ाई गई है, जहां इजरायली पर्यटकों की आवाजाही अधिक रहती है। इनमें अल्मोड़ा का कसार देवी और ऋषिकेश का तपोवन प्रमुख हैं। कसार देवी में हर वर्ष बड़ी संख्या में इजरायली पर्यटक आध्यात्मिक पर्यटन, योग और प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने के लिए आते हैं। कई पर्यटक यहां लंबे समय तक प्रवास भी करते हैं। सीओ अल्मोड़ा बलवंत रावत ने बताया कि फिलहाल कसार देवी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है। पुलिस होटल, होमस्टे और अन्य पर्यटन प्रतिष्ठानों के साथ भी समन्वय रख रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि कसार देवी सहित पूरे जिले में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी जारी रखी जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *