![]()
हिमाचल प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ अगस्त से प्रदेशव्यापी जनआंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा कि आंदोलन की शुरुआत मंडल स्तर से होगी, जिसे बाद में विधानसभा, जिला और प्रदेश स्तर तक चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। बिंदल ने कहा- भाजपा ने स्कूलों, कॉलेजों, स्वास्थ्य संस्थानों और अन्य सरकारी कार्यालयों की कथित तालाबंदी, खराब सड़कें, महंगी बिजली-पानी, बेरोजगारी और चुनावी गारंटियों को आंदोलन का प्रमुख मुद्दा बनाने का फैसला किया है। यह फैसला शिमला में आयोजित विशेष बैठक में लिया गया। राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव से पहले किए गए वादे पूरे नहीं किए, जिससे जनता में असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में स्कूल, कॉलेज, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सरकारी कार्यालय और अन्य संस्थान बंद किए गए हैं, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि किसानों, बागवानों, महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को भी भाजपा गांव-गांव और घर-घर तक लेकर जाएगी। 10 गारंटियां अब तक पूरी नहीं की: बिंदल बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान दी गई 10 गारंटियां पूरी नहीं कीं और जनता के साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि भाजपा का आंदोलन केवल सांकेतिक नहीं होगा, बल्कि सड़क से लेकर सदन तक सरकार को घेरने का अभियान चलेगा। जनता बदलाव का मन बना चुकी: जयराम इस मौके पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों के नतीजों ने स्पष्ट संकेत दिया है कि जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के लगभग चार साल के कार्यकाल में विकास कार्य ठप हो गए हैं और भाजपा सरकार के समय स्वीकृत कई परियोजनाओं को बंद कर दिया गया या अधूरा छोड़ दिया गया। भाजपा ऐसे सभी स्थानों पर जाकर जनता के सामने सरकार की कथित नाकामियां रखेगी। सरकार ने जनता पर नए टैक्स लगाने का काम किया: जयराम जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर झूठी गारंटियां देने, भ्रष्टाचार बढ़ाने, नए टैक्स लगाने, कानून-व्यवस्था कमजोर करने और माफिया को बढ़ावा देने के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र से पहले ही आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा और इसे पूरे प्रदेश में व्यापक रूप से चलाया जाएगा। कैंडल मार्च कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम:नेता प्रतिपक्ष कांग्रेस के प्रस्तावित कैंडल मार्च पर पूछे गए सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि यह कांग्रेस का राजनीतिक कार्यक्रम है और भाजपा को उससे कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के मामलों को केंद्र सरकार गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
Source link
हिमाचल सरकार के खिलाफ जनआंदोलन करेगी BJP:बिंदल बोले-अगस्त में ब्लॉक स्तर से शुरू करेंगे; 10 गारंटियों स्कूल-कॉलेज में तालाबंदी को मुद्दा बनाएंगे
