![]()
हिसार के चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में रबी कृषि मेला 1 और 2 अक्टूबर को लगाया जाएगा। इस मेले का शुभारंभ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर करेंगे। इस बार मेले की थीम ‘सतत कपास उत्पादन-फसल विविधीकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा’ रखी गई है। कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक सतत कपास उत्पादन, फसल विविधीकरण और जल संसाधन सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों की जानकारी देंगे। मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनरी और यंत्र बनाने वाली कंपनियां भी शामिल होंगी। किसानों को अलग-अलग कृषि कामों के लिए उपयोगी मशीनों और यंत्रों की कार्यप्रणाली, कीमत और बनाने वालों की जानकारी मिलेगी। वैज्ञानिकों द्वारा उगाई फसल होगी प्रदर्षित मेले में विश्वविद्यालय की तरफ से बताई गई रबी फसलों के उन्नत बीज, बायोफर्टिलाइजर और कृषि साहित्य भी किसानों को मिलेगा। विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई फसलों को प्रदर्षित किया जाएगा। साथ ही, उनमें अपनाई गई तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी। यूनिर्विसिटी के गेट नंबर-3 के सामने लगेगा मेला विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि यह मेला हकृवि के गेट नंबर-3 के सामने मेला ग्राउंड में लगेगा। किसानों की कृषि, पशुपालन और गृह विज्ञान से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दोनों दिन प्रश्नोत्तरी सभाएं होंगी। मेला स्थल पर मिट्टी, सिंचाई के पानी और रोगी पौधों की वैज्ञानिक जांच की सुविधा भी रहेगी। दोनों दिन फसल प्रतियोगिता भी होगी। शुरू हुई स्टॉलों की बुकिंग सह निदेशक विस्तार डॉ. कृष्ण यादव ने बताया कि एग्रो-इंडस्ट्रियल प्रदर्शनी के लिए स्टॉलों की बुकिंग शुरू हो गई है। निजी कंपनियों को स्टॉल ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर दिए जा रहे हैं। किसानों के बैठने के लिए वाटरप्रूफ पंडाल की व्यवस्था रहेगी। मेले में हरियाणा और पड़ोसी राज्यों से हजारों किसानों के पहुंचने की उम्मीद है।
Source link
हिसार HAU में 1-2 अक्टूबर को लगेगा कृषि मेला:CM सैनी करेंगे शुभारंभ; किसानों को उन्नत बीजों और मशीनों की मिलेगी जानकारी
