![]()
जबलपुर क्राइम ब्रांच और मदन महल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 10 किलो 168 ग्राम अवैध गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 5 लाख 8 हजार 400 रुपए बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बिहार का रहने वाला है और ओडिशा में रह रहा था। मॉडल रोड पर दो बैग लेकर उतरा था आरोपी पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर की रात क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मॉडल रोड पर लॉयड गैलरी के सामने एक संदिग्ध व्यक्ति दो बैग लेकर बस से उतरा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान 50 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई। वह इस्माईलपुर, जिला अरवल, बिहार का रहने वाला है और वर्तमान में झारसुगुड़ा, ओडिशा में रह रहा था। दो बैगों से मिले गांजे के 10 पैकेट पुलिस ने आरोपी के नीले और हरे रंग के बैगों की तलाशी ली। इनमें गांजे के 10 पैकेट मिले। इसके अलावा एक एंड्रॉइड मोबाइल भी जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजे का वजन कराया गया, जिसमें कुल वजन 10 किलो 168 ग्राम निकला। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख 8 हजार 400 रुपए बताई गई है। साथी मलखान पहले ही बस से उतर गया पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पाटन रोड के पास रहने वाले मलखान के साथ बस से जबलपुर आया था। आरोपी के मुताबिक, मलखान ने तीन पत्ती बस स्टैंड पर मिलने की बात कही थी और वह पहले ही रास्ते में बस से उतर गया। मदन महल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फरार साथी मलखान की तलाश कर रही है।
Source link
5 लाख के गांजे के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार:जबलपुर में 10 किलो गांजा जब्त, बिहार का युवक गिरफ्तार; बस से साथी के साथ लाया था खेप
