![]()
इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में रहने वाली 60 वर्षीय महिला की उसके बेटे ने मारपीट कर हत्या कर दी। आरोपी अपनी पत्नी के घर छोड़कर जाने से नाराज था। पुलिस ने बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, मां, बेटा और बहू तीनों शराब पीने के आदी थे। बुधवार को भी शराब के नशे में मां-बेटे के बीच विवाद हुआ था। एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक, बुधवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि गीताबाई (60) का शव घर में पड़ा है। शुरुआती जानकारी में सामने आया कि उसके बेटे आकाश ने उसके साथ मारपीट की थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि गीताबाई, उसका बेटा आकाश और बहू ममता एक साथ रहते थे। तीनों मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। शराब पीने के बाद उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बुधवार को ममता घर छोड़कर चली गई थी। इस बात से आकाश नाराज हो गया। उसने नशे की हालत में अपनी मां गीताबाई से विवाद किया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे आकाश को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
Source link
60 वर्षीय मां की बेटे ने पीट-पीटकर हत्या की:इंदौर में पत्नी के घर छोड़कर जाने से था नाराज; पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
