![]()
धोद थाना क्षेत्र में रविवार को कथित फायरिंग और मारपीट कर 65 हजार रुपए लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित रोहित पिलानियां बेटा मोहनलाल पिलानियां निवासी का कहना है कि हार्डकोर अपराधी राजू भावरिया और हार्डकोर देवीलाल के साथ अशोक छब्बरवाल, पी.के. सैनी, दिनेश बिजारणिया सहित 10 से 15 लोग हथियारों से लैस होकर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। पिकअप से फैक्ट्री जा रहा था पीड़ित का कहना है कि रविवार सुबह अपनी होटल से 65 हजार नकद लेकर पिकअप वाहन से इंटरलॉक फैक्ट्री की ओर जा रहा था। दीपपुरा चौराहे के पास कैम्पर ने उसकी पिकअप को टक्कर मारकर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद अशोक छब्बरवाल ने पिस्टल से हवाई फायर किया, जबकि अन्य लोगों ने लाठी-सरियों से हमला कर पिकअप के आगे-पीछे के शीशे तोड़ दिए। हमले में रोहित के साथ मारपीट की गई और पिकअप में रखे 65 हजार नकद लेकर आरोपी फरार हो गए। जान से मारने की धमकी का आरोप पीड़ित का आरोप है कि पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के कुछ समय बाद तीन कैम्पर और एक स्कॉर्पियो में सवार होकर वही लोग दोबारा मौके पर पहुंचे और वाहन में फिर से तोड़फोड़ की। इसके बाद आरोपी उसकी होटल पर पहुंचे, जहां कथित रूप से रंगदारी की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में फोन कर भी पुलिस के पास जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। घटना की सूचना मिलते ही धोद पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पिकअप वाहन को थाने ले आई। धोद थानाधिकारी कमल पूरी गोस्वामी ने बताया कि इस मामले में अभी तक पीड़ित की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। जैसे ही रिपोर्ट दर्ज होगी, आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।ंं
Source link
धोद में दिनदहाड़े फायरिंग-मारपीट, 65 हजार लूटे:पीड़ित ने हार्डकोर अपराधियों पर लगाया आरोप; पिकअप में की तोड़फोड़
