![]()
पानीपत के थाना तहसील कैंप क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कृष्ण नगर में दूध सप्लाई के व्यापारिक वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। एक दूध डेयरी संचालक के बेटों को इलाके में दूध बांटने से रोकने पर शुरू हुआ विवाद इस कदर बढ़ा कि दूसरे पक्ष ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से लैस होकर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में बुजुर्ग डेयरी संचालक, उनकी पत्नी, बेटे और पोते को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूध सप्लाई को लेकर पहले भी मिली थी धमकी थाना तहसील कैंप को दी शिकायत में विकास नगर निवासी सुरेश कुमार ने बताया कि वह दूध की डेयरी चलाते हैं। उनके दो बेटे, सुनील और अनिल, रोजाना कृष्ण नगर इलाके के घरों में दूध सप्लाई करने का काम करते हैं। कृष्ण नगर में ही महिपाल नाम का एक अन्य व्यक्ति भी दूध सप्लाई का काम करता है, जो उनके बेटों के काम से रंजिश रखता था। शिकायत के अनुसार, 18 जुलाई को भी जब सुनील दूध देने गया था, तो महिपाल ने उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर कृष्ण नगर में दूध न बेचने की धमकी दी थी। पूरे परिवार पर लाठी-राड से हमला अगले दिन 19 जुलाई को महिपाल ने फिर से रंजिश के चलते सुनील की मोटरसाइकिल रोकी और उसे घरों में दूध बांटने से मना किया। सुनील ने तुरंत फोन कर अपने पिता सुरेश कुमार को इस बात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सुरेश कुमार अपनी पत्नी कृष्णा, दूसरे बेटे अनिल और पोते गौरव के साथ मोटरसाइकिल पर कृष्ण नगर पहुंचे। सुरेश कुमार अभी अपने पोते गौरव के साथ बाइक पर बैठे ही थे कि तभी आरोपी महिपाल अपने साथी काला, भीम और 3-4 अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मौके पर आ धमका। इन सभी के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थीं। उन्होंने बिना कोई बात किए सीधे सुरेश कुमार और उनके पोते गौरव पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने के लिए जब पत्नी कृष्णा, बेटा अनिल और सुनील आगे आए, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। धमकी देकर फरार हुए हमलावर पीड़ित सुरेश कुमार ने बताया कि अपने परिवार का बचाव करने के दौरान दूसरे पक्ष को भी कुछ चोटें लगी होंगी, जिसके बारे में उन्हें पूरी जानकारी नहीं है। शोर-शराबा सुनकर जब कृष्ण नगर की गली में भारी भीड़ इकट्ठा होने लगी, तो आरोपी घबरा गए। वे पीड़ित परिवार को सरेआम जान से मारने की गंभीर धमकी देते हुए अपने हथियारो सहित मौके से रफूचक्कर हो गए।
Source link
पानीपत में डेयरी संचालक के परिवार को सड़क पर पीटा:दूध की सप्लाई को लेकर विवाद; बाइक रोक दी थी धमकी
