Headlines

दुर्ग में स्कूली बच्चों तक पहुंची नशीली दवाएं:रैली निकालकर कांग्रेस ने कोतवाली थाना घेरा, उच्चस्तरीय जांच की मांग की




दुर्ग के चंद्रशेखर आजाद स्कूल में बच्चों के कथित रूप से नशीली दवा के सेवन से बीमार होने के मामले ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। इस घटना के विरोध में सोमवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने अध्यक्ष और पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल के नेतृत्व में कोतवाली थाना का घेराव किया। कांग्रेस ने एसपी के नाम सीएसपी हर्षित मेहर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन से रैली निकालकर कोतवाली थाना पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शहर में बढ़ते नशे के कारोबार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बच्चों और युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। कांग्रेस ने ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। संगठन का कहना है कि 6 से 8 विद्यार्थियों के बीमार होने की घटना बेहद गंभीर है। कांग्रेस ने पीड़ित विद्यार्थियों के बेहतर इलाज और हर जरूरी मदद देने की भी मांग की।
स्कूल तक नशा कैसे पहुंचा? कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने सवाल उठाया कि आखिर नशीली दवा स्कूल तक कैसे पहुंची। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि मामला सिर्फ एक स्कूल तक सीमित है या दूसरे स्कूलों में भी ऐसा नेटवर्क सक्रिय है। उनके मुताबिक यह घटना शिक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। शहर में बढ़ते नशे पर कांग्रेस का हमला धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि दुर्ग में नशे और सिंथेटिक ड्रग्स का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं और बाल अपराध भी बढ़ रहे हैं। कांग्रेस ने सभी स्कूलों और उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की मांग की। स्कूलों के आसपास पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग कांग्रेस ने स्कूलों के आसपास नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों और गतिविधियों पर नजर रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। संगठन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए। कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी कांग्रेस ने कहा कि यदि मामले में जल्द और प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को देखते हुए बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने कहा कि दुर्ग को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने के लिए प्रशासन को तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *