Headlines

नर्मदापुरम में 13 दिन बाद फिर सक्रिय हुआ मानसून:तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट; धान रोपाई में जुटे किसान, सोहागपुर में सबसे ज्यादा करीब 3 इंच बारिश दर्ज




नर्मदापुरम लंबे इंतजार के बाद नर्मदापुरम जिले में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। पिछले 24 घंटे से जिलेभर में लगातार बारिश का दौर जारी है। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। मंगलवार रात करीब 7:45 बजे शुरू हुई तेज बारिश आधी रात तक जारी रही, जिससे शहर में 2 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली है। जिले के नर्मदापुरम शहर के अलावा इटारसी, पिपरिया, सोहागपुर, सिवनी मालवा, बनखेड़ी और पचमढ़ी में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सोहागपुर में हुई, जहां पिछले 24 घंटे में करीब 3 इंच पानी रिकॉर्ड किया गया। चार दिन तक सक्रिय रहेगा मानसून मौसम वैज्ञानिक वी.एस. यादव के अनुसार, ऊपरी हवाओं में बने चक्रवाती परिसंचरण और प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ के प्रभाव से जिले में 22 से 25 जुलाई तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान जारी किया है। बारिश से बदला मौसम, बढ़ी ठंडक लगातार बारिश के कारण जिले में मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है। दिनभर आसमान बादलों से घिरा रहा और बीच-बीच में तेज बारिश होती रही। तापमान में गिरावट आने से लोगों को कई दिनों बाद गर्मी और उमस से राहत मिली। शहर के कई निचले इलाकों में पानी भरने की स्थिति भी बनी, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पर्याप्त नमी पहुंची है। किसानों के चेहरों पर लौटी मुस्कान लगातार बारिश नहीं होने से किसान खरीफ फसलों को लेकर चिंतित थे। विशेष रूप से सोयाबीन और धान की फसल पर सूखे का असर दिखाई देने लगा था। अब बारिश शुरू होने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली है। जिले के कई गांवों में किसान धान की रोपाई में जुट गए हैं, जबकि सोयाबीन की फसल की देखरेख और खेतों में जल निकासी का काम भी शुरू हो गया है। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि अगले कुछ दिनों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो खरीफ फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और उत्पादन पर सकारात्मक असर पड़ेगा। अगले कुछ दिन बरतें सावधानी मौसम विभाग ने आगामी चार दिनों तक बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों और किसानों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। लगातार बारिश से जिले के जलाशयों और नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *