![]()
उत्तर छत्तीसगढ़ में लंबे इंतजार के बाद मानसून ने रफ्तार पकड़ी है। पिछले दो दिनों से सरगुजा के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। मंगलवार देर शाम से पूरे संभाग के अधिकांश इलाकों में झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। कई स्थानों पर पुलियों और रपटों के उपर पानी बह रहा है। सीतापुर में नदी में बाढ़ आने से ट्रैक्टर फंस गई। सरगुजा संभाग में अब तक सबसे कम बारिश हुई थी। सरगुजा जिले में अब तक औसत से 58 प्रतिशत कम बारिश रिकार्ड की गई थी। सोमवार से संभाग में मानसून ने रफ्तार पकड़ी है और पूरे संभाग में रूक-रूककर बारिश हो रही है। मंगलवार शाम से संभाग मुख्यालय सहित पूरे जिले में जमकर बारिश हुई। अंबिकापुर में पिछले 24 घंटे में 102 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई है। नदी-नाले उफान पर, जनजीवन प्रभावित
सरगुजा संभाग में लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। सूरजपुर जिले में रामानुजनगर के मोहनपुर में झींक नदी पर पुल के उपर से पानी बह रहा है। इससे आवागम प्रभावित हुआ है। चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में रसौकी मार्ग में बरंगा नदी में पुल नहीं होने के कारण नदी में बाढ़ आने के कारण आवागमन बंद हो गया है। सरगुजा जिले के बतौली ब्लॉक में मान नदी के उफान पर होने के कारण पुल के उपर से पानी बह रहा है। इसके कारण बिरिमकेला, महेशपुर, नकना, बटईकेला और सरमना गांवों के पहुंचमार्ग में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नदी में फंसी ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान
सीतापुर क्षेत्र में हो रही बारिश के कारण केसला में मांढ़ नदी में ट्रैक्टर एवं रेत से भरी ट्राली बाढ़ मंे फंस गई। मंगलवार को ट्रैक्टर का चालक रेत निकालने के लिए नदी में उतरा था। इस दौरान नदी में जल स्तर बढ़ता गया। जलस्तर बढ़ने के कारण ट्रैक्टर का चालक ट्रैक्टर को बाहर नहीं निकाल सका और ट्रैक्टर व ट्राली नदी में डूब गई। नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण नदी में ट्रैक्टर फंसी हुई है। मैनपाट बादलों से घिरा, मौसम हुआ सुहाना
मौसम विभाग के अनुसार आगामी पांच दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश हो सकती है। सरगुजा का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट पूरी तरह से बादलों से ढंक गया है। उंचाई पर बसे मैनपाट के बादलों से घिरे होने के कारण इसकी खूबसूरती बढ़ गई है। मैनपाट में यह मौसम सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित करता है। इस मौमस में कई दिनों तक मैनपाट में धूप नहीं दिखाई देती है।
Source link
उत्तर छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, नदी-नाले उफान पर:पुलियों-रपटों से उपर बह रहा पानी, नदी में फंसी ट्रैक्टर, चालक ने कूदकर बचाई जान
