Headlines

12वीं की छात्रा ने शिक्षिका पर लगाए गंभीर आरोप:बोली- इंग्लिश टीचर हिंदी और अंग्रेजी में गालियां देती हैं




कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय की 12वीं की छात्रा ने अपनी इंग्लिश शिक्षिका पर मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक टिप्पणी, अभद्र भाषा का प्रयोग और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों की शिकायत पर गुरुवार रात पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। छात्रा का आरोप है कि बीते एक वर्ष से उसे लगातार निशाना बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गई। ‘एक साल से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था’ पीड़िता के चाचा के अनुसार उनकी 17 वर्षीय भतीजी सरकारी विद्यालय में कक्षा 12 की छात्रा है। आरोप है कि विद्यालय की इंग्लिश शिक्षिका पिछले एक वर्ष से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं। छात्रा के साथ जातिसूचक टिप्पणियां की जाती थीं, उस पर मानसिक दबाव बनाया जाता था और विरोध करने पर कानूनी कार्रवाई में फंसाने की धमकी दी जाती थी। परिजनों का कहना है कि लगातार प्रताड़ना के कारण छात्रा मानसिक तनाव का शिकार हो गई और उसने स्कूल जाना भी कम कर दिया। ‘स्टाफ रूम में बेइज्जत किया, पूरी क्लास के सामने गालियां दीं’ छात्रा का आरोप है कि वह 18 जुलाई से चकेरी थाने के चक्कर लगा रही थी, लेकिन शुरुआती शिकायत में उचित धाराएं नहीं लगाए जाने से उसे न्याय नहीं मिल रहा था। उसका कहना है कि शिक्षिका उसके चरित्र पर टिप्पणी करती थीं, स्टाफ रूम में सबके सामने खड़ा कर झाड़ू लगाने की धमकी देती थीं और पूरी कक्षा के सामने हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में अभद्र शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करती थीं। परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर पीड़िता के परिजनों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर गुरुवार रात करीब 10:12 बजे पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और छात्रा के आरोपों की पुष्टि के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी धाराएं बढ़ाई जाएंगी और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *