Headlines

छतरपुर में छात्रों का हस्ताक्षर अभियान शुरू:नीट पेपर लीक, दिल्ली लाठीचार्ज के विरोध में राष्ट्रपति-PM को भेजेंगे ज्ञापन




छतरपुर में छात्रों ने गुरुवार रात को एक हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की। यह अभियान नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध में चलाया जा रहा है। शहर के कॉलेज चौराहे पर विभिन्न छात्र संगठनों और युवाओं ने एकजुट होकर केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। अभियान का नेतृत्व कर रहे सत्येंद्र शर्मा ने बताया कि यह हस्ताक्षर अभियान लगातार जारी रहेगा। जिलेभर के हजारों छात्र-छात्राओं से हस्ताक्षर करवाकर एक मांग पत्र तैयार किया जाएगा, जिसे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा। शर्मा ने दिल्ली में अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया। उन्होंने इस घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। सत्येंद्र शर्मा ने नीट पेपर लीक मामले पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मामले ने लाखों मेहनती छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की। अभियान के पहले दिन ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज चौराहे पर पहुंचकर बैनर पर हस्ताक्षर किए और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन जताया। आयोजकों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक छात्र इसमें शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद कर सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *