![]()
संभल में गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बहराइच से पंजाब जा रही एक डबल डेकर बस चालक को झपकी आने के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए। बस में करीब 150 यात्री सवार थे। सूचना मिलते ही यूपीडा, पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। यह हादसा रविवार सुबह करीब छह बजे चंदौसी तहसील के बहजोई थाना क्षेत्र में लहरावन इंटरचेंज के पास किलोमीटर 126/400 पर हुआ। तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दो यात्रियों की मौत, कई घायल डॉक्टरों ने अस्पताल पहुंचने पर नेहा (17) पुत्री गंगाराम निवासी गजापुर, बहराइच और पिंटू (36) पुत्र लल्लन निवासी गोंडा को मृत घोषित कर दिया। घायलों में सुरेंद्र कुमार, मुन्नालाल, अनीता, अरविंद, शोभित, गुड्डो, पूनम, गीता, रूमाना, रामादेवी, सत्तू, पंकज, विपिन, ऋषभ सिंह, महेश, दिनेश, छोटू समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं। सभी को बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। गंभीर रूप से घायल कुछ यात्रियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने की तैयारी की गई है। यूपीडा और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम, पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाया गया, जिससे यातायात सामान्य हो सका। सीएमओ और एएसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल घटना की जानकारी मिलने के बाद सीएमओ डॉ. तरुण पाठक और एएसपी (उत्तरी) मनोज रावत बहजोई सीएचसी पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में ड्राइवर की झपकी बनी हादसे की वजह सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने बताया कि शुरुआती जांच में बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा होना सामने आया है। उन्होंने बताया कि दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 20 से 25 घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई हादसे की पूरी कहानी बस में सवार लखीमपुर खीरी निवासी रामलखन ने बताया कि हादसे से कुछ सेकंड पहले बस सड़क के किनारे की ओर उतर गई थी। यात्रियों ने चालक को आवाज लगाई, लेकिन तब तक वह झपकी ले चुका था। इसके बाद बस डिवाइडर से टकराई और पलट गई। उनके मुताबिक हादसे में 40 से 45 लोग घायल हुए। पुलिस कर रही हादसे की जांच यात्री राम सहाय ने बताया कि बस बहराइच से पंजाब जा रही थी। वहीं बहराइच निवासी पंकज कुमार ने बताया कि डबल डेकर बस में करीब 150 यात्री सवार थे और अधिकांश लोग मजदूरी के लिए पंजाब जा रहे थे। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
गंगा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर बस पलटी, 2 की मौत:25 से ज्यादा घायल; ड्राइवर को झपकी आने से हुआ हादसा, बहराइच से पंजाब जा रही थी
