![]()
कटिहार के हाजीपुर में रविवार (26 जुलाई 2026) दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। हादसा बिहार विधान परिषद (एमएलसी) अशोक अग्रवाल की टॉप लाइन इंफ्रा लिमिटेड की हाइवे मिक्सर मशीन की चपेट में आने से हुआ। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिलसिलेवार पढ़ें, पूरा मामला… घटना के बाद ग्रामीणों ने किया ट्रैफिक जाम जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे टॉप लाइन कंपनी की हाइवे मिक्सर मशीन कटिहार से कोढ़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान हाजीपुर निवासी मोहम्मद शहाबुद्दीन के 10 वर्षीय पुत्र मो. नियामत को वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। चालक हिरासत में, मिक्सर मशीन जब्त की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार निराला, यातायात थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल और यातायात इंस्पेक्टर दिनेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और चालक को सुरक्षित हिरासत में लेकर मिक्सर मशीन को जब्त कर लिया। मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर परिजन शांत पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। बाद में मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और सड़क जाम समाप्त कर दिया गया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब 3 बजे यातायात सामान्य हो सका। थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच की जा रही मुफस्सिल थाना अध्यक्ष संतोष कुमार निराला ने बताया कि परिजनों ने अभी तक मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने से भी इनकार किया है। उनसे लिखित आवेदन लिया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ‘नो एंट्री’ के बावजूद भारी वाहनों की लगातार प्रवेश घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शहर में ‘नो एंट्री’ नियम लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का लगातार प्रवेश हो रहा है, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से नो एंट्री नियम का सख्ती से पालन कराने और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की है। फिलहाल पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। चालक की लापरवाही, वाहन की आवाजाही और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
Source link
मिक्सर मशीन से कुचलकर 10 वर्षीय बालक की मौत:कटिहार में मुआवजे की मांग पर 3 घंटे जाम, परिजन बोले-'नहीं कराएंगे पोस्टमार्टम'
