Headlines

10 साल के बच्चे की नदी में डूबने से मौत:घुनघुट्टा नदी में नहाते समय हुआ हादसा, दोस्तों ने नहीं दी जानकारी




सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में घुनघुट्टा नदी में डूबने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चा शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था। तेज बहाव की चपेट में आने से वह नदी में बह गया। डर के कारण उसके दोस्तों ने किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। रविवार सुबह घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर उसका शव बरामद किया गया। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत कुंजनगर निवासी योगेंद्र राजवाड़े (10) पुत्र देवधन राजवाड़े शनिवार शाम करीब 5 बजे साइकिल से घर से निकला था। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमते हुए ग्राम पंचायत हर्राटिकरा स्थित घुनघुट्टा नदी पहुंचा। वहां उसने साइकिल खड़ी की, कपड़े उतारे और नदी में नहाने के लिए कूद गया। तेज बहाव में बहा, दोस्त डरकर घर भागे नदी में पानी का बहाव तेज था। योगेंद्र तैरकर बाहर नहीं निकल सका और बहाव में बह गया। यह देखकर उसके दोनों दोस्त घबरा गए और बिना किसी को बताए अपने-अपने घर लौट गए। उन्होंने डर के कारण परिवार या योगेंद्र के परिजनों को भी घटना की जानकारी नहीं दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुई साइकिल और कपड़ों की तस्वीर कुछ देर बाद गांव का एक युवक नदी किनारे से गुजर रहा था। उसने वहां लावारिस हालत में साइकिल और कपड़े पड़े देखे। अनहोनी की आशंका होने पर उसने उनकी फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी। तस्वीर वायरल होने के बाद साइकिल और कपड़ों की पहचान योगेंद्र की हुई। रात में नहीं मिला, सुबह रेस्क्यू में मिला शव सूचना मिलते ही योगेंद्र के परिजन और जयनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से शनिवार रात तक तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह फिर रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इस दौरान घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी में योगेंद्र का शव मिला। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल इकलौते बेटे का शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *