![]()
मंडला जिला मुख्यालय के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है। डॉ. भीमराव अंबेडकर वार्ड स्थित जैन मंदिर के पीछे अली एडवरटाइजिंग के सामने से देर रात अज्ञात चोर स्कूटी चुरा ले गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात रविवार देर रात करीब 3:30 बजे हुई। सीसीटीवी फुटेज में दो अज्ञात युवक एक बाइक पर सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचते दिख रहे हैं। इनमें से एक युवक बाइक पर बैठकर आसपास निगरानी करता है, जबकि दूसरा स्कूटी के पास जाता है। फुटेज के मुताबिक, चोर स्कूटी पर बैठकर पैरों के दबाव से उसका लॉक तोड़ देता है। इसके बाद वह स्कूटी को पीछे की ओर घसीटते हुए अपने साथी के साथ मौके से फरार हो जाता है। चोरी हुई स्कूटी मुस्तरी बेगम की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर पीड़िता ने कोतवाली थाने में पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अज्ञात चोरों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है।
Source link
मंडला में स्कूटी चोरी; CCTV फुटेज में दिखे:देर रात दो चोरों ने लॉक तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
