Headlines

बरेली-मॉर्निंग वॉक पर निकले व्यापारी की हत्या का खुलासा:आरोपी बोला- कान में जिन्न की आवाजें आती थीं, इसलिए मार दिया




बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय परचून व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे लोगों की हत्या करने के लिए कान में ‘जिन्न की आवाजें’ सुनाई देती थीं। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। हत्या में इस्तेमाल चाकू, ओमनी वैन, खून से सने कपड़े और अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। आरोपी के पिता को भी साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस पुलिस के अनुसार, धौराटांडा निवासी सियाराम श्रीवास्तव 24 जुलाई की सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। कुछ देर बाद उनका शव बिबियापुर रोड पर मिला। पोस्टमार्टम में गले, सिर और सीने पर गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। शुरुआती रिपोर्ट में मृतक के बेटे ने तीन पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन जांच में उनकी भूमिका सामने नहीं आई। पहले वैन से टक्कर, फिर चाकू से हमला घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में एक सफेद ओमनी वैन संदिग्ध हालत में दिखाई दी। जांच में पता चला कि वाहन आरोपी के पिता के नाम पर पंजीकृत है। पूछताछ में अरमान ने कबूल किया कि उसने पहले व्यापारी को वैन से टक्कर मारी, फिर टूटे कांच और चाकू से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने मृतक के पास रखे 1,200 रुपये भी निकाल लिए थे, जिनमें से 580 रुपये बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस बोली- मानसिक भ्रम का मामला हो सकता है एसपी नॉर्थ ने बताया कि आरोपी सूखे नशे का आदी है और उसका मानसिक उपचार भी चल रहा था। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसे कान में “जिन्न की आवाजें” सुनाई देती थीं, जो हत्या करने के लिए कहती थीं। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह हैलुसिनेशन (मानसिक भ्रम) का मामला प्रतीत होता है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े, मृतक का आधार कार्ड, मोबाइल फोन, शेष नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई ओमनी वैन बरामद कर ली है। आरोपी के पिता को साक्ष्य छिपाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *