![]()
भागलपुर में चचेरी दादी के अंतिम संस्कार में पहुंचे पोते की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हादसा सोमवार की रात पुलिस जिला नवगछिया के महादेवपुर घाट पर हुआ। मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के प्रतापनगर गांव निवासी पप्पू शाह के पुत्र सिंटू कुमार (15) के रूप में हुई है। सोमवार को उसकी चचेरी दादी का निधन हो गया था। देर रात अंतिम संस्कार के लिए उन्हें महादेवपुर घाट लाया गया, जहां अंधेरा होने के कारण सिंटू गहरे पानी में चला गया। पैर फिसलने से वह गंगा में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के नहीं पहुंचने पर परिजन ने किया हंगामा घटना के बाद परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। परिजनों का आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची और कहा कि मंगलवार सुबह उसकी खोजबीन की जाएगी। पुलिस की कार्यशैली से नाराज परिजनों ने जाह्नवी TOP के पास पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी गौरव झा मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष गौरव झा ने बताया कि परिजन की ओर से आवेदन दिया गया है। एसडीआरएफ और गोताखोरों की मदद से आज (मंगलवार) को सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मृतक के चाचा बोले- प्रशासन की लापरवाही से अब तक लाश नहीं मिली मृतक के चाचा रोशन ने बताया कि उनका 16 वर्षीय भतीजा सिंटू कुमार, गंगा में डूब गया। प्रशासन के सभी संबंधित अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। परिजनों ने कहा कि खरीक प्रखंड के अंचलाधिकारी सहित स्थानीय प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक शव का पता नहीं चल सका है। उनका आरोप है कि सूचना मिलने के बाद भी एसडीआरएफ की टीम ने मामले में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई और बचाव एवं खोज अभियान में गंभीरता नहीं बरती। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए इसे घोर लापरवाही बताया। इधर, घटना के बाद से परिजनों का रो-रो कर बुराहाल है।
Source link
भागलपुर- दादी के अंतिम संस्कार में पोते की डूबकर मौत:अंधेरा होने के कारण नाबालिग का पैर फिसला, गोताखोरों की मदद से शव की तलाश जारी
