![]()
अजमेर में मंगलवार सुबह से एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया। शहर में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है, जबकि नांदला समेत कई ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। सोमवार को 26.2 मिमी बारिश दर्ज होने के बाद जिले में अब तक 162.8 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो 7 जुलाई तक की सामान्य बारिश (92.5 मिमी) से 76% अधिक है। मौसम विभाग ने मंगलवार से अगले तीन दिन तक जिले में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। शहर में सुबह से रिमझिम, गांवों में झमाझम बारिश अजमेर शहर में मंगलवार सुबह अचानक मौसम बदला और रिमझिम बारिश शुरू हो गई। इससे मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। दूसरी ओर नांदला सहित आसपास के गांवों में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से नालों और रपटों में पानी का बहाव तेज हो गया तथा कई स्थानों पर पानी सड़क तक पहुंचने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा। भूडोल गांव में 10 मिनट की बारिश भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। नागा जी महाराज मंदिर के पास पानी भर जाने से स्कूल जाने वाले बच्चों को पानी के बीच होकर निकलना पड़ा। ग्रामीणों ने जल निकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। सामान्य से 76% ज्यादा बारिश, जुलाई की शुरुआत रही बेहतर मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 26.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके साथ ही 1 जून से अब तक जिले में कुल 162.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई है। 7 जुलाई तक सामान्य बारिश 92.5 मिमी मानी जाती है, जबकि इस बार 162.8 मिमी बारिश हो चुकी है, यानी सामान्य से करीब 76 प्रतिशत अधिक। जुलाई के शुरुआती सात दिनों में ही 78.4 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो मानसून की अच्छी रफ्तार का संकेत है। अगले तीन दिन बारिश का अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मंगलवार से गुरुवार तक जिले में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने के आसार हैं। सक्रिय मानसूनी सिस्टम के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट और मौसम सुहावना बने रहने के संकेत हैं।
Source link
आज फिर बारिश अलर्ट, अगले तीन दिन बरसेंगे बादल:शहर में रिमझिम, गांवों में तेज बारिश, जिले में अब तक सामान्य से 76% ज्यादा वर्षा
