Headlines

18 वर्षीय युवती का शव रेलवे ट्रैक पर मिला:मोबाइल घर छोड़ गई, डिलीट चैट मिली; अशोकनगर में खरीदारी करने निकली थी




अशोकनगर में 18 वर्षीय युवती राधिका शर्मा का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। वह सोमवार शाम अपने छोटे भाई के जन्मदिन के लिए केक और कपड़े खरीदने घर से निकली थी। कुछ घंटे बाद ही उसकी मौत की सूचना मिली। राधिका, पिता रामस्वरूप शर्मा, सोमवार शाम करीब 6 बजे घर से निकली थी। वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गई थी। परिवार के सदस्य उसके लौटने का इंतजार कर रहे थे और घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं। देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस से रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान राधिका के रूप में की। घर-बाजार के बीच रेलवे ट्रैक नहीं पड़ता
पुलिस के अनुसार, रात करीब 8 बजे स्टेशन मास्टर ने सूचना दी कि ट्रेन चालक ने बताया है कि एक युवती अचानक ट्रेन के सामने आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। राधिका के घर और बाजार के बीच रेलवे ट्रैक नहीं पड़ता। ऐसे में वह ट्रैक तक कैसे पहुंची, यह एक बड़ा सवाल बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में पुलिस आत्महत्या और दुर्घटना दोनों पहलुओं पर पड़ताल कर रही है। राधिका के मोबाइल में दो नंबरों के साथ चैटिंग के साक्ष्य मिले हैं, जिनमें कुछ संदेश डिलीट पाए गए हैं। इनकी भी जांच की जा रही है। तीन-चार दिनों से मानसिक तनाव में थी
परिजनों ने बताया कि राधिका ने इसी वर्ष 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी और कॉलेज में प्रवेश लेने की तैयारी कर रही थी। उन्होंने यह भी बताया कि वह पिछले तीन-चार दिनों से मानसिक तनाव में थी। परिवार में चार भाई-बहन हैं, जिनमें राधिका तीसरे नंबर पर थी। पिता मूल रूप से बहादुरपुर क्षेत्र के कलूआखेड़ी गांव के रहने वाले हैं, जो 20 सालों से अशोकनगर में रह रहे हैं। परिवार यहां पर किराए से रहता है। देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव की पहचान होने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण से हुई मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *