Headlines

गुना में पारदी बदमाश ने पुलिस टीम पर किया पथराव:हमले में आरक्षक के सिर में आई चोट; माल जब्त करने पहुंची थी टीम




गुना के कैंट थाना क्षेत्र के नयागांव में जब्ती की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर पथराव का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रिमांड पर चल रहे दो आरोपियों के इशारे पर एक युवक ने पुलिस दल पर पत्थर बरसाए, जिसमें एक आरक्षक के सिर में चोट लग गई। घटना के बाद आरोपी धक्का-मुक्की करते हुए मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और पुलिस पर हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्ती के लिए आरोपियों को खेत पर लेकर पहुंची थी पुलिस जानकारी के अनुसार कैंट थाने में पदस्थ एसआई कुशलपाल पुलिस बल के साथ अपराध क्रमांक 213/26 और 324/25 के आरोपी देवराज पारदी और वनराज पारदी को माल की जब्ती के लिए नयागांव स्थित उनके खेत की टपरिया पर लेकर पहुंचे थे। दोनों आरोपी पुलिस रिमांड पर थे और उनकी निशानदेही पर कार्रवाई की जा रही थी। आरोपियों के इशारे पर शुरू हुआ पथराव पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान टपरिया में सो रहा टार्जन पुत्र तोफान पारदी निवासी गोकुल सिंह चक्क जाग गया। इसी दौरान रिमांड पर चल रहे देवराज पारदी और वनराज पारदी ने उसे हाथ से इशारा किया। आरोप है कि इशारा मिलते ही टार्जन ने पुलिस की जब्ती कार्रवाई रुकवाने की नीयत से पुलिस टीम पर लगातार पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। आरक्षक के सिर में लगी गंभीर चोट पथराव के दौरान टार्जन द्वारा फेंका गया एक बड़ा पत्थर आरक्षक राजू बघेल के सिर में जा लगा। पत्थर लगने से उनके सिर में चोट आई और खून बहने लगा। घटना के बाद पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस का आरोप है कि पथराव करने के बाद टार्जन पारदी ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की भी की और झाड़ियों और खेतों के रास्ते मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू कर दी। घायल आरक्षक अस्पताल में भर्ती घायल आरक्षक राजू बघेल को तत्काल जिला अस्पताल, गुना पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने उनकी चोट का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है। कैंट थाना पुलिस ने आरोपी टार्जन पारदी, देवराज पारदी और वनराज पारदी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 121(1) और 49 के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिस पर हमला करने और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी टार्जन पारदी की तलाश जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *